प्रस्तुत शोध-पत्र का मुख्य उद्देश्य आदिवासी महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति तथा कृषि क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान का अध्ययन करना है। आदिवासी महिलाएँ कृषि उत्पादन, बीज चयन एवं संरक्षण, बुवाई, रोपाई, निराई-गुड़ाई, फसल कटाई, मड़ाई तथा भंडारण जैसी विभिन्न कृषि गतिविधियों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके अतिरिक्त, वे पशुपालन, लघु वनोपज संग्रहण, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, प्राकृतिक खेती, जैविक खाद निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट तथा मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाती हैं। विशेष रूप से मध्य प्रदेश के झाबुआ, अलीराजपुर, धार एवं बड़वानी जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में महिलाओं का कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित आजीविका संबंधी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान है। इसके बावजूद उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि अधिकार, तकनीकी प्रशिक्षण, वित्तीय सुविधाओं, बाजार तक पहुँच तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तुत अध्ययन में महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि यंत्रीकरण, कौशल विकास, डिजिटल विपणन तथा जलवायु-अनुकूल कृषि तकनीकों के माध्यम से आदिवासी महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया है। निष्कर्षतः आदिवासी महिलाओं को केवल कृषि श्रमिक के रूप में नहीं, बल्कि महिला किसान, उद्यमी एवं निर्णयकर्ता के रूप में पहचान और समान अवसर प्रदान करना आवश्यक है। इससे टिकाऊ कृषि, खाद्य सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण तथा समावेशी ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिल सकता है।
डॉ. ज्ञान माला सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह, श्री प्रियेश प्रकाश सिंह एवं श्री बापू हिहोर
69-80
10.5281/zenodo.24547747
Never miss any important news. Subscribe to our newsletter.